Date: 30/06/2019
रायपुर। भूपेश मंत्रिमंडल में अमरजीत भगत ने 13वें मंत्री के तौर पर शनिवार को शपथ ले लिया है. अमरजीत को योजना, खाद्य और संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने सौंपी है. सीएम भूपेश बघेल ने अपने पास से योजना, मंत्री मोहम्मद अकबर से खाद्य और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से संस्कृति विभाग लेकर अमरजीत भगत को दिए हैं.
शनिवार को राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अमरजीत भगत को शाम 7 बजे शपथ दिलाई है. सीतापुर विधायक अमरजीत भगत भूपेश मंत्रिमंडल में टीएस सिंहदेव और प्रेमसाय सिंह टेकाम के बाद सरगुजा क्षेत्र से तीसरे मंत्री चुने गए हैं. भगत भूपेश सरकार के 13 वें मंत्री बने हैं. उनके शपथ समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
अमरजीत भगत का राजनीतिक सफर
अमरजीत सिंह भगत को कांग्रेस पार्टी ने पहली बार 2003 के विधानसभा चुनाव में सीतापुर से मैदान में उतारा. इस चुनाव में अमरजीत ने बीजेपी प्रत्याशी राजाराम भगत को हराया और पहली बार विधायक बने. इसके बाद 2008 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी के गणेशराम भगत, 2013 के चुनाव में बीजेपी के राजाराम भगत और 2018 के चुनाव में बीजेपी के ही प्रत्याशी गोपाल राम को हराया और लगातार चौथी बार विधायक बने है. अमरजीत वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश आदिवासी समाज के अध्यक्ष हैं. इससे पहले वे यूथ कांग्रेस और आदिवासी विकास परिषद में भी प्रमुख जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. सरगुजा में कांग्रेस को फिर से मजबूत करने में इनकी भूमिका अहम मानी जाती है.