Date: 30/06/2019
रायपुर। भूपेश बघेल मंत्रिमंडल में 13वें मंत्री के तौर पर अमरजीत भगत ने शनिवार को शपथ ली. राजभवन के दरबार हाल में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भगत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्रीगण रविन्द्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिव डहरिया, डॉ. प्रेम साय सिंह, जयसिंह अग्रवाल, अनिला भेड़िया, पीएल पुनिया, मोहन मरकाम, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित विधायकगण एवं राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव सुनील कुजूर ने किया. इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सुरेन्द्र कुमार जायसवाल भी मंच पर उपस्थित थे.
सीतापुर विधायक अमरजीत भगत भूपेश बघेल मंत्रिमंडल में टीएस सिंहदेव और प्रेमसाय राठिया के बाद तीसरे मंत्री हैं, जो सरगुजा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी ने पहली बार 2003 के विधानसभा चुनाव में अमरजीत सिंह भगत को सीतापुर से मैदान में उतारा था. चुनाव में अमरजीत ने बीजेपी प्रत्याशी राजाराम भगत को पराजित कर पहली बार विधायक बने. इसके बाद 2008 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी के गणेशराम भगत, 2013 के चुनाव में बीजेपी के राजाराम भगत और 2018 के चुनाव में बीजेपी के ही प्रत्याशी गोपाल राम को पराजित कर लगातार चौथी बार सीतापुर से विधायक बने है.